Friday, April 13, 2012

पोल से टकरायी गाड़ी 11 हजार वोल्ट की चपेट में, छह बाराती मरे

 Jharkhand » 14 April 2012 
इटखोरी/हजारीबाग, पद्मा थाना क्षेत्र के बिहारी नयीटांड़ से इटखोरी भद्रकाली बारात जा रही सवारी गाड़ी (जेएच 02 एम 2966) इटखोरी थाना क्षेत्र के असड़िया गांव में बिजली पोल से टकरा गयी। इस घटना के बाद पोल से लगा 11 हजार वोल्ट का विद्युत तार वाहन पर गिरा और उसमें आग लग गयी। इस घटना में छह लोगों की मौत करंट लगने और जलने से घटनास्थल पर ही हो गयी, जबकि करीब 20 लोग गंभीर रूप से घायल हो गये।
गंभीर रूप से घायल 16 बारातियों को बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। गंभीर रूप से घायल विकास साव (15) को बेहतर इलाज हेतु रिम्स, रांची भेजा गया है। घटना आज दोपहर करीब 12 बजे गोलकाबड़ के असड़िया मोड़ के पास घटी।
प्राप्त प्राप्त के अनुसार स्व. बट्टू साव के पुत्र प्रमोद कुमार बिहारी नयाटांड़ की बारात दो सवारी गाड़ियों से मां भद्रकाली मंदिर इटखोरी जा रही थी। एक वाहन पर दूल्हा एवं अन्य बाराती सवार थे, जो पहले ही मां भद्रकाली मंदिर पहुंच गया। पीछे से आ रहे दूसरा बाराती वाहन असड़िया मोड़ के पास 11 हजार वोल्ट वाले पोल से टक्कर गया, जिससे पोल टूट गया और 11 हजार वोल्ट का तार गाड़ी पर आ गिरा। जिसमें दूल्हे की भाभी रीना देवी (पति संजय ठाकुर), चाचा कैलाश शर्मा, सुरेश ठाकुर, सुरेन्द्र शर्मा, राजेन्द्र ठाकुर व चालक राजू महतो की मौत घटना स्थल पर ही हो गई। गाड़ी में सवार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। घायलों में तिलक ठाकुर (65), बालदेव ठाकुर (70), कृष्ण कुमार शर्मा (21), भिखनी देवी (40) (पति कैलाश ठाकुर), आदित्य कुमार ठाकुर (11) (पिता कैलाश ठाकुर), रिसु कुमार (10) (पिता संतोष शर्मा), संजय ठाकुर (26) (पिता स्व. बबलू ठाकुर), दिलीप कुमार (18) (पिता टेकलाल शर्मा), रौशनी (3) (पिता उमेश शर्मा), जगदीश ठाकुर (पिता स्व.बढन ठाकुर), बबिता देवी (पति उमेश शर्मा), उषा कुमारी (11) (पिता स्व. जितेन्द्र शर्मा), राहुल शर्मा (12) (पिता विनोद ठाकुर), विकास साव (15) (पिता मुंशी साव), सुधीर प्रजापति (16) (पिता ईश्वर प्रजापति), खेमन ठाकुर (पिता स्व. द्वारिका ठाकुर) शामिल है। विकास साव की गंभीर स्थिति देखते हुए उसे रांची रिम्स रेफर कर दिया। इस दर्दनाक घटना से चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर आस पास के ग्रामीण मदद के लिए दौड़ पड़े। जानकारी मिलने पर पद्मा के थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह एवं बीडीओ ने घटनास्थल पर पहुंचकर न केवल घायलों को निकाला, बल्कि प्राथमिक इलाज करवाकर तत्काल घायलों को एक खाली एलपी ट्रक के माध्यम से सदर अस्पताल पहुंचाया। सवारी गाड़ी पूरी तरह जलकर राख हो गयी। लोगों ने बताया कि पदमा थाना क्षेत्र के बिहारी नयाटांड़ के प्रमोद कुमार की शादी चौपारण थाना क्षेत्र के बसरिया गांव तिलैयाटोला निवासी वकील ठाकुर की पुत्री किरण कुमारी के साथ होना था। इस घटना से दोनों गांव में मातम छा गया है। दूल्हे की भाभी रीना देवी अपने पीछे एक छह वर्षीय पुत्र व पांच माह की पुत्री छोड़ गई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मुआवजे को लेकर शव के साथ सड़क जाम कर दिया। सूचना मिलते ही बरही विधायक उमाशंकर अकेला व स्थानीय पुलिस प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को तत्काल 10-10 हजार रुपये दिये। लोगों के इलाज में अस्पताल अधीक्षक डा. विनय कुमार, डा. अभिषेक, मुर्दा कल्याण समिति के मो. खालिद तथा अस्पताल कर्मी लगे थे।

No comments:

Post a Comment